कोखराज पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी का कंटेनर बरामद, गैंग लीडर समेत दो गिरफ्तार
कौशाम्बी। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोखराज थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के कंटेनर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ककोढ़ा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का एक कंटेनर खागा से प्रयागराज की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को सर्विस रोड की ओर मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कंटेनर को ओवरटेक करते हुए रोक लिया।
वाहन रुकते ही उसमें सवार दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अतीक पुत्र मो. रईस तथा सनी गौतम पुत्र सीताराम, दोनों निवासी शांतिनगर, अझुआ, थाना सैनी, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मो. अतीक ने पुलिस को बताया कि उसके नाम का कंटेनर HR69B8434 पहले से ही मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाने में गोवध निवारण अधिनियम के एक मुकदमे में सीज है। इसके बाद उसने चोरी किए गए कंटेनर पर उसी वाहन की नंबर प्लेट लगा दी और चेसिस नंबर से कथित रूप से छेड़छाड़ कर उसे चलाना शुरू कर दिया, ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस द्वारा किए गए सत्यापन में यह भी सामने आया कि मो. अतीक मिर्जापुर के अहरौरा थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गैंग लीडर के रूप में वांछित चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कूटरचित नंबर प्लेट HR69B8434 लगा चोरी का कंटेनर बरामद कर लिया है। मामले में थाना कोखराज में मुकदमा संख्या 404/2026 के तहत धारा 317(2), 336(2), 336(4), 338 एवं 340(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का संबंध अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से है या नहीं। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
