हर विधानसभा में 10 महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा विकास, सरकार ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

0
ddc12bee-2cff-488f-b207-e225c5edbf61

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शासन के नए आदेश के अनुसार प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 10 महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमाओं के स्थलों का विकास, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिकतम 10 लाख रुपये तक की धनराशि खर्च करने का प्रावधान किया गया है।

योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित स्थलों का निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद तकनीकी मूल्यांकन एवं आगणन तैयार कर कार्यदायी संस्था के माध्यम से विकास कार्य शुरू होंगे। शासन ने स्पष्ट किया है कि धनराशि उपलब्ध होने के तीन माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा। वहीं परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।

तय की गई समय-सीमा

शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्यों के लिए चरणबद्ध समय-सीमा निर्धारित की गई है—

  • 31 जुलाई 2026 तक प्रस्ताव प्राप्त किए जाएंगे।
  • 21 अगस्त 2026 तक स्थल निरीक्षण एवं आगणन तैयार होगा।
  • 31 अगस्त 2026 तक निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
  • 30 सितम्बर 2026 तक कार्यादेश जारी किए जाएंगे।
  • 31 दिसम्बर 2026 तक सभी विकास कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

शासन ने उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का उद्देश्य महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमाओं वाले स्थलों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाकर उनके सम्मान के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें