कौशाम्बी दौरे पर प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान: विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रीनगोल्ड वर्मी कंपोस्ट केंद्र का किया शुभारंभ

0
70fc0ca5-5bf0-4c12-a089-7dc3735d0759

कौशाम्बी दौरे पर प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान: विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रीनगोल्ड वर्मी कंपोस्ट केंद्र का किया शुभारंभ

कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (पशुधन एवं दुग्ध विकास) कृष्णा पासवान ने गुरुवार को कौशाम्बी जनपद का दौरा कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित निगरानी करने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कृष्णा पासवान ने ग्रीनगोल्ड वर्मी कंपोस्ट खाद विक्रय केंद्र का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से 5 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट खाद का डिमांड पत्र तिरंगा महिला स्वयं सहायता समूह, म्योहर की अध्यक्ष पूनम देवी को सौंपा गया।

राज्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्मी कंपोस्ट के उत्पादन और विपणन से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर प्राप्त होंगे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन से जुड़े सवालों पर कहा कि “छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।” उन्होंने बताया कि पेपर लीक जैसे मामलों में सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और अब तक 10 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

राजनीतिक मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में कृष्णा पासवान ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव का कुछ नहीं बचा है।” साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, सुशासन, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता के हित में निरंतर कार्य कर रही है।

प्रभारी मंत्री के इस दौरे को जिले में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें