चित्रकूट में 450 युवाओं को मिला उद्यमिता का मंत्र, डीएम बोले- रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें`

0
bdf968d0-6ad9-45e7-9e52-c7dbb1b8d082

चित्रकूट। युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। उद्यमी लॉन्च पैड के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में करीब 450 युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से अपना व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA), एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और MSME पॉलिसी-2022 के तहत संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने युवाओं से गलत संगत से दूर रहने और मोबाइल एवं आधुनिक तकनीक का सकारात्मक तथा रचनात्मक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश करने के बजाय खुद का रोजगार शुरू करें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने CM YUVA योजना में चित्रकूट के प्रदेश में सातवीं रैंक हासिल करने पर संबंधित अधिकारियों और बैंकर्स को बधाई दी। उन्होंने जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए अधिकारियों, बैंकर्स और युवाओं से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 10 लाभार्थियों को हलवाई एवं सिलाई ट्रेड के टूलकिट वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए मौके पर ही CM YUVA के तहत पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

लखनऊ से आए विशेषज्ञों ने युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करने, कोटेशन एवं आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की व्यवहारिक जानकारी दी। आवेदन के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों, परियोजना की व्यवहार्यता और बैंक से ऋण प्राप्त करने के लिए जरूरी दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

कार्यशाला में नवाचार आधारित उद्यम, फ्रेंचाइजी मॉडल और आधुनिक व्यवसायिक अवसरों पर भी चर्चा हुई। बैंक शाखा प्रबंधकों ने ऋण प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख और वित्तीय व्यवस्था की जानकारी दी। आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक के प्राचार्यों और विभागीय अधिकारियों ने युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण तथा स्वरोजगार के अवसरों को लेकर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र चंद प्रकाश पटेल ने किया। कार्यशाला जिला प्रशासन, बैंकिंग संस्थानों तथा तकनीकी एवं कौशल विकास संस्थानों के समन्वय से आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें