कर्वी में भारी वाहनों की नो-एंट्री, 11 अगस्त से लागू होगा रूट डायवर्जन
श्रावण अमावस्या मेले को लेकर यातायात पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान, 13 अगस्त तक विशेष व्यवस्था
चित्रकूट। श्रावण मास अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कर्वी नगर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार 11 अगस्त 2026 की सुबह 5:30 बजे से 13 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक कर्वी में विशेष नो-एंट्री लागू रहेगी। हालांकि आपातकालीन सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इससे छूट दी गई है।
इसके बाद 14 अगस्त से अगले 30 दिनों तक अथवा नए आदेश तक कर्वी नगर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर निर्धारित समय के अनुसार नो-एंट्री लागू रहेगी। श्रावण मास के सोमवार 17 और 24 अगस्त को कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नो-एंट्री सुबह 3:30 बजे से प्रभावी होगी।
इन स्थानों पर रहेगी नो-एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार कर्वी नगर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर समय निर्धारित किया गया है।
- लोढ़वारा मोड़, राजापुर मार्ग: सुबह 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक।
- रेहुटिया, प्रयागराज रोड: सुबह 5:30 बजे से रात 10 बजे तक।
- खोह, पुलिस लाइन तिराहा, मानिकपुर रोड: सुबह 5:30 बजे से रात 10 बजे तक।
- शेषनपुरवा मोड़, सोनेपुर-सतना रोड: सुबह 5:30 बजे से रात 10:30 बजे तक।
- बेड़ी पुलिया, मत्यगजेन्द्रनाथ धर्मकांटा, बांदा रोड: सुबह 5:30 बजे से रात 11 बजे तक।
नो-एंट्री शुरू होने से पहले बैरियर से प्रवेश करने वाले भारी मालवाहनों को प्रत्येक दशा में सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकलना होगा। धार्मिक आयोजन, वैवाहिक कार्यक्रम, जुलूस, शोभायात्रा या अन्य विशेष परिस्थितियों में आवश्यकता के अनुसार नो-एंट्री के समय में बदलाव भी किया जा सकता है। इसकी जानकारी संबंधित बैरियर पर दी जाएगी।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
प्रयागराज की ओर से आने वाले वाहन बोड़ी पोखरी से सरैया, मानिकपुर तिराहा और मारकुंडी होते हुए सतना मध्य प्रदेश की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा बोड़ी पोखरी-राजापुर-सरधुवा-कमासिन-बबेरू-बांदा तथा बोड़ी पोखरी-राजापुर-पहाड़ी-ओरन-बिसंडा-बांदा मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कौशाम्बी की ओर से आने वाले वाहन राजापुर से बोड़ी पोखरी, सरैया तिराहा, मानिकपुर तिराहा और मारकुंडी होते हुए सतना की ओर जा सकेंगे। बांदा की ओर जाने वाले वाहन राजापुर-सरधुवा-कमासिन-बबेरू अथवा राजापुर-पहाड़ी-ओरन-बिसंडा मार्ग से आगे बढ़ सकेंगे।
बांदा की ओर से आने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट भरतकूप/मस्तकूप से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे होते हुए बदौसा-ओरन-बिसंडा-पहाड़ी-राजापुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रयागराज, कौशाम्बी और सतना की ओर जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करना होगा।
सतना मध्य प्रदेश की ओर से आने वाले वाहन मानिकपुर-सरैया तिराहा-बोड़ी पोखरी होते हुए प्रयागराज, राजापुर अथवा कौशाम्बी की ओर जा सकेंगे। वहीं सोनेपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए हनुमान धारा-रजौला-बड़ी पाटिन-मारकुंडी-मानिकपुर-सरैया तिराहा मार्ग निर्धारित किया गया है।
हल्के वाहनों के लिए भी डायवर्जन
मेले के दौरान हल्के वाहनों के आवागमन के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। बेड़ी पुलिया से जानकीकुंड और सतना की ओर जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन बेड़ी पुलिया से मंदाकिनी नदी पुल, धनुष चौराहा, एलआईसी तिराहा और सोनेपुर रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान नो-एंट्री और डायवर्जन व्यवस्था का अनिवार्य रूप से पालन करें। वाहन चालक अनावश्यक परेशानी और जाम से बचने के लिए पहले से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। अधिकारियों के मुताबिक, मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
