मुख्य विकास अधिकारी ने एदिलपुर में लगाई रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
कौशाम्बी। विकास खंड मंझनपुर के ग्राम एदिलपुर में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय कार्यक्रमों और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिले।
