बाइक पर पांच युवकों का खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल
कौशांबी । जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कुछ युवकों का बाइक पर खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में पांच युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। पीछे बैठा युवक चलती बाइक पर खड़ा होकर दोनों हाथ फैलाते हुए बैलेंस बना रहा है, जबकि अन्य युवक असंतुलित अवस्था में बाइक पर बैठे हैं। युवकों ने खुद इस स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो तेजी से फैल रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को ट्रैफिक नियमों की खुली अवहेलना बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ स्टंट करने वालों के लिए खतरनाक हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डालते हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद पिपरी थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ऐसे स्टंट रोकने में नाकाम है या फिर लापरवाही उनकी आदत बन चुकी है। अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा स्टंट करने से पहले युवक सौ बार सोचें।
