यूपी PET परीक्षा- लड़कियों की बाली, पायल, चेन तक उतरवाई:जूड़ा खुलवाकर चेकिंग; गलत सेंटर पहुंची छात्रा फूट-फूटकर रोई, पुलिसवाले ने बाइक से पहुंचाया
यूपी में आज प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) का पहला दिन है। 60 जिलों में 1,372 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा चल रही है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड जांच, बायोमेट्रिक मिलान और फेस-रेटिना स्कैन के बाद ही एंट्री दी गई। कन्नौज में गलत सेंटर पहुंची छात्रा फूट-फूटकर रोने लगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे बाइक से सही सेंटर पर पहुंचाया। लखनऊ में लड़कियों के कलावा काटे गए। कान की बाली और हेयर पिन उतरवा ली गई। लड़कों के जूते-मोजे उतरवाए गए। कानपुर-बरेली में लड़कियों के बाल खुलवाकर चेकिंग की गई। अलीगढ़ में महिलाएं पायल और गले की चेन उतारकर परिजनों को देने के बाद सेंटर में गईं। मथुरा में लड़कों ने दांत से कलावा काटा। बेल्ट उतरवाई गई। अलीगढ़ में रूमाल बाहर रखवा लिया गया। परीक्षा केंद्रों की CCTV से निगरानी हो रही है। पुलिस सादी वर्दी में सेंटर के बाहर गश्त कर रही है। परीक्षा दो शिफ्टों में होनी है। पहली शिफ्ट सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा। 2:30 बजे गेट बंद हो जाएंगे।
