लखनऊ में महिला पत्रकार से अभद्रता, फॉर्च्यूनर सवार दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का है, जहां मेदांता अस्पताल के पास इंडिया वॉच न्यूज चैनल की महिला पत्रकार सोनी कपूर से कुछ दबंग युवकों ने सरेराह अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर गाड़ी संख्या UP42 AF 7000 सवार युवकों ने पहले पत्रकार सोनी कपूर को रास्ते से हटने को कहा और जब पत्रकार ने विरोध किया तो दबंगों ने धमकाते हुए कहा,
“जाओ, जो करना हो कर लेना… हटो यहां से… तुम प्रधानमंत्री हो क्या? तुमसे तमीज़ से बात करें? अगर नहीं हटोगी तो गाड़ी जैसे चल रही है वैसे चलेगी।”
इस दौरान महिला पत्रकार ने मौके पर धैर्य दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत सुशांत गोल्फ सिटी थाना में दर्ज कराई।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वाहन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी निकाली जा रही है।
थाना प्रभारी सुशांत गोल्फ सिटी ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है, जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
पत्रकार संगठनों में आक्रोश
इस घटना के बाद लखनऊ के पत्रकारों और विभिन्न मीडिया संगठनों में आक्रोश फैल गया है।
मीडिया संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि महिला पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।
पीड़िता की मांग
महिला पत्रकार सोनी कपूर ने कहा, “सड़क पर किसी को इस तरह से धमकाना बेहद शर्मनाक है। अगर आज मैं पीछे हट जाती तो शायद कल कोई और महिला इसका शिकार होती। मैं पुलिस से न्याय की उम्मीद करती हूं।”
