देवांगना घाटी में युवती से कथित दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

0
88adbc2b-5430-4bd7-b04e-285eaea5d556

चित्रकूट। जिले के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र स्थित देवांगना घाटी में एक 20 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच यूपी-112 पर सूचना मिली कि देवांगना घाटी क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटना बहिलपुरवा थाना क्षेत्र की होने के कारण क्षेत्राधिकारी नगर और थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, 20 वर्षीय युवती अपने 17 वर्षीय परिचित के साथ मोटरसाइकिल से देवांगना घाटी घूमने गई थी। दोनों बाइक खड़ी कर पहाड़ी के रास्ते जंगल की ओर चले गए। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल से आए तीन युवक भी वहां पहुंच गए।

पीड़िता का आरोप है कि तीनों युवकों ने उसके साथ जबरन गलत काम किया। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर बहिलपुरवा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, साइबर सेल, सर्विलांस टीम, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस विभिन्न तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें