कौशाम्बी पुलिस ने 107 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद, सीईआईआर पोर्टल से मिली सफलता

0
Kaushambi voice

13 थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, एसपी ने किया मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द, ऑपरेटरों को मिला पुरस्कार ।

कौशांबी। जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के 13 थाना क्षेत्रों से गुम हुए, चोरी हुए और स्नेचिंग के मामलों में लोगों के 107 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने यह कार्रवाई भारत सरकार के सीईआईईआर पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से की, जिस पर मोबाइल गुमशुदगी या चोरी की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की जाती हैं। सीईआईईआर पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों को भेजा गया, जहां सीसीटीएनएस प्रणाली के जरिए पुलिस के ऑपरेटरों ने मोबाइल की मैनुअल ट्रैकिंग कर उन पर संपर्क स्थापित करते हुए उन्हें बरामद किया।

बरामद किए गए मोबाइलों को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल में उनके असली मालिकों को सुपुर्द किया। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी।

इस दौरान थाना सराय अकिल, संदीपन घाट और करारी के ऑपरेटरों को सर्वाधिक मोबाइल ट्रेस करने पर 5-5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और आमजन की सक्रिय भागीदारी से पुलिस को मोबाइल बरामदगी में सफलता मिल रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल खो जाए तो वे सीईआईईआर पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *