ई-रिक्शा से कॉलेज जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, 24 लोगों के खिलाफ शिकायत; पुलिस ने कहा- रिक्शा चालक से विवाद का मामला

0
bdc0a8e0-91be-4bfc-8a3d-e24b2f5acc20

चित्रकूट। सरैया चौकी क्षेत्र में ई-रिक्शा से कॉलेज जा रही छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर 24 लोगों पर छात्राओं के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे ई-रिक्शा चालक से हुए विवाद का मामला बताया है और जांच जारी होने की बात कही है।

शिकायत के अनुसार, त्यागी इंटर कॉलेज की छात्राएं ई-रिक्शा से कॉलेज जा रही थीं। आरोप है कि सरैया चौकी क्षेत्र स्थित मलिन टंकी के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने ई-रिक्शा को बीच रास्ते में रोक लिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस दौरान छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और छेड़छाड़ की गई।

पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि जब छात्राओं ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें और उनके परिजनों को घटना की शिकायत करने या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

पुलिस का पक्ष

इस मामले में सरैया चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया यह मामला ई-रिक्शा चालक से हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें