मेरठ में निर्दलीय प्रत्याशी दरोगा से बोले-तुम्हारी औकात क्या है:आगरा में सपा प्रत्याशी का दावा- पश्चिम बंगाल जैसी गुंडई हो रही
यूपी में शिक्षक कोटे की 11 MLC सीटों के लिए मतगणना जारी है। मेरठ में एंट्री को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ की दरोगा से झड़प हो गई। चिल्लाते हुए उन्होंने कहा- तुम्हारी औकात क्या है, जो हमें रोकोगे। एसपी सिटी ने मामला शांत कराया। आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। कहा-पश्चिम बंगाल से भी बुरे हालात हैं। बरेली में सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने कहा-चुनाव बूथ कैप्चरिंग और सत्ताबल से लड़ा गया। 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी हैं। बैलेट पेपर से चुनाव हुआ, ऐसे में जीत-हार के रुझान शाम तक आएंगे। नतीजे कल दोपहर के बाद। ऐसे होती है बैलेट की काउंटिंग
वोटर्स बैलेट में प्रत्याशियों के नाम के आगे अपनी पसंद के क्रम में नंबर लिखते हैं। सबसे पहले नंबर-1 यानी पहली पसंद के वोट गिने जाएंगे। अगर प्रत्याशी को जीत के लिए जरूरी वोट यानी 50% से ज्यादा वोट मिल जाते हैं, तो उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है। अगर जरूरी वोट नहीं जुटा पाया, तो सबसे कम वोट पाने वाले उम्मीदवार को बाहर कर दिया जाता है। उसके मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के वोट अन्य प्रत्याशियों को दिए जाएंगे। यह प्रक्रिया तब तक चलेगी, जब तक विजेता तय नहीं हो जाता। मतलब सबसे कम वोट पाने वाले को बाहर करने का क्रम और उसके मतपत्र में दर्ज दूसरी और तीसरी वरीयता के वोट के आधार पर गिनती चलती रहेगी।
