ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, पात्रों को योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश
कौशाम्बी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड मूरतगंज के ग्राम अरई सुमेरपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए पुष्टाहार वितरण, वृद्धावस्था पेंशन, राशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र योजनाओं से जोड़ा जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं मिलने की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को गांव के विद्यालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
चौपाल में जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट वितरित की तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत गांव के 58 परिवारों को चिन्हित किया गया है। वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि गांव के 141 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है तथा 47 नए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 35 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन तथा 13 दिव्यांगजनों को दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है।
ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही संभव हो रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
