चित्रकूट में कामतानाथ परिक्रमा मार्ग पर चला महा स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को दिया स्वच्छता का संदेस
चित्रकूट में कामतानाथ परिक्रमा मार्ग पर चला महा स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को दिया स्वच्छता का संदेस
चित्रकूटधाम। कामतानाथ धाम में रविवार को साप्ताहिक स्वच्छता अभियान के तहत भव्य महा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग, नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम के अध्यक्ष श्री नरेंद्र गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी श्री लाल जी यादव के निर्देशन में नगर पालिका परिषद और कामदगिरि स्वच्छता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
अभियान का शुभारंभ मनसा पूर्ण हनुमान मंदिर से गर्ग जी के घर तक के मार्ग से किया गया। इस दौरान कामतानाथ परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की व्यापक साफ-सफाई कर कूड़ा-करकट, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित कर उसका समुचित निस्तारण किया गया। साथ ही परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कामदगिरि स्वच्छता समिति के अध्यक्ष एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राकेश केशरवानी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। समिति के पदाधिकारियों ने स्वच्छता जागरूकता के नारे लगाकर लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की गई। साथ ही श्रद्धालुओं से बंदरों को मार्ग के बीच भोजन न देने का अनुरोध किया गया, ताकि उनकी सुरक्षा बनी रहे और परिक्रमा मार्ग पर आवागमन बाधित न हो।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक शिवा कुमार ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 2026 के तहत गीले, सूखे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग देने तथा नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर कृष्णा शुक्ला, अखिलेश केशरवानी, रसूल खान, जानकी प्रसाद, विनोद, वीरेंद्र, राजेश, रवि, रामशिया, राकेश, मोनू, अंकुर केशरवानी सहित नगर पालिका के कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
