यूपी में भीषण कोहरा, हाईवे पर 2 बसें टकराईं:बारात लेकर जा रही थी, 15 घायल; ठंड बढ़ी, पारा 9°C पहुंचा
पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। गुरुवार सुबह गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। मऊ में हाईवे पर कोहरे के बीच 2 बसों की टक्कर हो गई। एक बस बारात लेकर जा रही थी। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। बहराइच में ठंड से बचने के लिए परिवार के साथ अलाव ताप रही 3 साल की बच्ची जल गई। उसके हाथ और पेट झुलस गए। इधर, प्रदेश में रात का पारा 10°C से नीचे आ गया। मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 9.5°C रिकॉर्ड किया गया। कानपुर और मेरठ में भी पारा 10°C तक पहुंच गया। दिन में झांसी, प्रयागराज और बांदा में पारा 30°C दर्ज किया गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने ‘अकवान’ चक्रवात के असर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। भीषण ठंड के साथ अब गलन और कोहरा भी बढ़ेगा।
