तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

0
Kaushambi voice

👉 80 साल बाद भी रेल से महरूम राजापुर, केंद्रीय रेल मंत्री तक पहुंची आवाज..
👉 राम की तपोभूमि चित्रकूट को रेल सुविधा देने की मांग, राजापुर के लिए उठी आवाज..

भरवारी से राजापुर होते हुए चित्रकूटधाम तक नई रेल लाइन की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन…

चित्रकूट/कौशाम्बी। धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग को लेकर मंगलवार को तुलसी सेवा परिवार राजापुर के सदस्यों ने जिलाधिकारी कौशाम्बी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भरवारी (कौशाम्बी) से राजापुर (चित्रकूट) होते हुए चित्रकूटधाम तक नई रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान ज्ञापन देने वालों के साथ सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रस्तावित रेल मार्ग धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े कई प्रमुख स्थलों को आपस में जोड़ेगा। इस रेल कॉरिडोर में प्रतापगढ़ स्थित घुइसरनाथ धाम, जगतगुरु स्वामी करपात्री जी महाराज की जन्मस्थली प्रतापगढ़, जगतगुरु श्री कृपालु जी महाराज की जन्मस्थली मनगढ़ धाम, प्रयागराज का श्रृंगवेरपुर धाम, कौशाम्बी का कड़ा धाम, मंझनपुर, तुलसीदास जी की जन्मस्थली राजापुर और चित्रकूटधाम को शामिल करने का प्रस्ताव है।
ज्ञापन में कहा गया कि यह प्रस्ताव केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। रेल कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ पहुंचेगा। साथ ही लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।
ज्ञापन में विशेष रूप से तुलसी नगरी राजापुर और भरवारी को रेल मार्ग से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रस्ताव के अनुसार तुलसी नगरी राजापुर से चित्रकूटधाम की दूरी लगभग 35 किलोमीटर और राजापुर से भैरवारी की दूरी लगभग 40 किलोमीटर बताई गई है। वहीं भरवारी से कुल लगभग 75 किलोमीटर की रेल लाइन के माध्यम से इस क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सुझाव दिया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भरवारी के माध्यम से प्रयागराज और अयोध्या से जुड़े रेल नेटवर्क का लाभ इस क्षेत्र को मिल सकता है। इससे अयोध्या से चित्रकूटधाम तक सीधा रेल संपर्क स्थापित करने की संभावना बनेगी। साथ ही प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा और श्रद्धालुओं के समय तथा यात्रा खर्च में भी कमी आएगी।
तुलसी सेवा परिवार राजापुर के सदस्य शिवपूजन गुप्ता ने जिलाधिकारी से प्रस्ताव को शासन और रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाने तथा इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना पर आवश्यक पहल कराने की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान सतीश चंद्र मिश्रा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें