परिवार परामर्श केंद्र ने बिखरने से बचाया दांपत्य जीवन, आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हुए पति-पत्नी

0
IMG-20261103-WA0017

चित्रकूट। पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद और मनमुटाव के चलते टूटने की कगार पर पहुंचे परिवार को चित्रकूट पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र ने समझौता कराकर बिखरने से बचा लिया। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पक्ष पुराने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशी-खुशी रहने को तैयार हो गए।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में सामाजिक रिश्तों को बचाने और पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने एक दंपत्ति के बीच चल रहे विवाद को समाप्त कराकर सुलह कराई।
जानकारी के अनुसार, नेहा पुत्री छेदीलाल निवासी नांदी, थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट ने अपने पति शिवअनुज पुत्र बाबूलाल निवासी मनवारा, थाना गौरिहार, जनपद छतरपुर के खिलाफ दहेज की मांग, गाली-गलौज, मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। एसपी ने मामले के निस्तारण की जिम्मेदारी परिवार परामर्श केंद्र को सौंपी थी।
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी उपनिरीक्षक अनुपमा तिवारी ने महिला आरक्षी शिवांगी और सोनिका के साथ दोनों पक्षों को पुलिस कार्यालय बुलाकर उनकी शिकायतें और समस्याएं विस्तार से सुनीं। टीम ने दोनों पक्षों को पारिवारिक रिश्तों का महत्व समझाते हुए आपसी मतभेद दूर करने और मिल-जुलकर जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ। दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी सामंजस्य बनाए रखने, एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखने और अपने पारिवारिक दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने पर सहमति जताई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी आपसी सुलह के साथ साथ रहने को तैयार हो गए।
समझौता कराने वाली टीम में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक अनुपमा तिवारी, महिला आरक्षी शिवांगी और महिला आरक्षी सोनिका शामिल रहीं। पुलिस की इस पहल से एक परिवार को टूटने से बचाने में सफलता मिली।

अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें