हरियाणा से घर लौट रहे युवक का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के गिरसा गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पहचान गिरसा गांव निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शिव कुमार हरियाणा में रहकर काम करता था और घर लौट रहा था। परिवार का कहना है कि उसने रात में फोन कर सुबह घर पहुंचने की जानकारी दी थी। लेकिन सुबह गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिससे परिजन स्तब्ध रह गए।
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शिव कुमार की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि घटना को रेल दुर्घटना का रूप दिया जा सके। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ ही सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।
