संचारी रोग नियंत्रण एवं स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जनजागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने पर दिया गया जोर
नेवादा (कौशाम्बी)। विकासखंड नेवादा के प्राथमिक विद्यालय औधन में गुरुवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्कूल चलो अभियान के तहत भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व ग्राम प्रधान पति जवाहरलाल एवं प्रधानाध्यापक विजय कुमार त्रिपाठी ने किया।
रैली में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता अपनाने तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोग भगाना है”, “हर बच्चा स्कूल जाएगा, उज्ज्वल भविष्य बनाएगा” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
प्रधानाध्यापक विजय कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को नियमित हाथ धोने, साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन करने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और जागरूकता ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
ग्राम प्रधान पति जवाहरलाल ने शिक्षकों से गांव-गांव जाकर अभिभावकों से संपर्क करने और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उमाशंकर सिंह, राजेश सिंह, सुभाष चंद्र, ममता देवी, ज्योति देवी, मंजू सिंह (एजुकेटर) सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजकर शिक्षा और स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दें।
