चित्रकूट में बंदरों का आतंक, 70-75 के झुंड ने मचाई दहशत; ग्रामीणों ने कार्रवाई की उठाई मांग
चित्रकूट: पहाड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायत देहरुछ माफी के मौजा भुजौली माफी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 70 से 75 बंदरों का झुंड गांव में रोजाना उत्पात मचा रहा है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।
बंदर घरों की छतों और छप्परों पर कूद-फांद कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। अचानक झुंड के गांव में पहुंचने से महिलाएं और बच्चे डर के कारण घरों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं और विरोध करने पर हमला करने का भी प्रयास करते हैं।
स्थिति ऐसी हो गई है कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान या जंगल में छोड़ा जाए, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके और गांव में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
📍 क्या आपके क्षेत्र में भी बंदरों का आतंक है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।
