कौशाम्बी में पुलिस मुठभेड़ों की जानकारी मांगने के लिए पत्रकार ने लगाई आरटीआई
कौशाम्बी। जनपद में वर्ष 2021 से जून 2026 तक हुई सभी पुलिस मुठभेड़ों का विस्तृत रिकॉर्ड सार्वजनिक कराने की मांग को लेकर पत्रकार अमरनाथ झा ने सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम, 2005 के तहत ऑनलाइन आवेदन दाखिल किया है। यह आवेदन जिलाधिकारी कार्यालय कौशाम्बी के माध्यम से संबंधित जन सूचना अधिकारी को प्रेषित किया गया है।
ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आरटीआई आवेदन संख्या DMOKS/R/2026/60165 में पत्रकार ने 1 जनवरी 2021 से 24 जून 2026 तक जनपद में हुई प्रत्येक पुलिस मुठभेड़ से संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है।
आरटीआई आवेदन में मुठभेड़ों की तिथि, समय, स्थान, संबंधित थाना, अभियुक्तों का विवरण, दर्ज मुकदमों की प्रतियां, जीडी एंट्री, पुलिस टीम की तैनाती, मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा बरामद हथियारों एवं कारतूसों का पूरा विवरण मांगा गया है।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक मुठभेड़ से संबंधित मजिस्ट्रियल जांच, विभागीय जांच, मानवाधिकार आयोग को भेजी गई रिपोर्ट, गिरफ्तारी मेमो, पुलिस पार्टी के आवागमन संबंधी अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज, वीडियोग्राफी तथा न्यायालय अथवा अन्य सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी गई हैं।
पत्रकार अमरनाथ झा का कहना है कि पुलिस मुठभेड़ों में पारदर्शिता, जवाबदेही और वैधानिक प्रक्रियाओं के पालन की जानकारी जनता तक पहुंचना आवश्यक है। उनका मानना है कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं से यह स्पष्ट हो सकेगा कि मुठभेड़ों के दौरान निर्धारित कानूनी प्रावधानों, सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा मानवाधिकार संबंधी मानकों का किस सीमा तक पालन किया गया।
यह आरटीआई आवेदन जनपद में पिछले पांच वर्षों के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ों की निष्पक्षता, जांच प्रक्रिया और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों को उजागर कर सकता है। अब निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सूचना पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
— अमरनाथ झा, पत्रकार
