सरकारी महिला टीचर की पीट-पीटकर हत्या, पति-बेटा-बेटी घायल:बस्ती में कांग्रेस की महिला मोर्चा अध्यक्ष ने हमला किया, लाठी-डंडे, चाकू मारे
बस्ती में सरकारी महिला टीचर सुधा यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप कांग्रेस की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव पर है। लक्ष्मी टीचर के घर से 300 मीटर दूरी पर रहती है। सुधा के पति ने बताया- सुबह करीब 8 बजे पत्नी समेत घरवालों पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया। पड़ोसी हम लोगों को जिला अस्पताल ले आए। जहां दोपहर करीब 1 बजे सुधा ने दम तोड़ दिया। घटना कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिर गांव की मंगलवार सुबह 10 बजे की है। गोंडा में सरकारी टीचर थीं सुधा यादव सुधा यादव (52) गोंडा के नवाबगंज में एक सरकारी विद्यालय में टीचर थीं। उनके पति सुधा शंकर यादव (45) भी यहीं एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाते हैं। बेटे अखिलेश ने बताया- 3 साल पहले लक्ष्मी ने मेरी मां की शिकायत की थी कि वह फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी कर रही है। इसको लेकर लक्ष्मी कोर्ट भी गई थी। फिर हाईकोर्ट में भी शिकायत की थी। लेकिन सभी जगह से केस खारिज हो गया था। इसके बाद से ही वह मां और हमारे परिवार से दुश्मनी रखती थी। लक्ष्मी बोली- आज खून की नदियां बहा दूंगी अखिलेश ने बताया- हम लोग अयोध्या रहते हैं। दिवाली में गांव आए थे। घर पर घास-फूस हो गई थी। पापा गेट के पास सफाई कर रहे थे। मम्मी भी वहीं कुर्सी पर बैठी थीं। लक्ष्मी स्कूटी से उधर से आई। उसने गाली देते हुए कहा कि आज खून की नदियां बहा दूंगी। इसके बाद वह अपने घर से आलोक यादव, प्रेमचंद यादव समेत 10-12 लोग को बुलाकर ले आई। सभी लाठी-डंडा, चाकू लेकर आए और हम लोगों पर हमला कर दिया। घरवालों को बुलाकर हमला किया महिला टीचर सुधा यादव के 4 बच्चे हैं। बड़ी बेटी अंशिका (30) की शादी हो चुकी है। इसके बाद बेटा अखिलेश (24) हैं, जो फैजाबाद की साकेत यूनिवर्सिटी से एमएससी कर रहा है। दो छोटी बेटियां अनुपम (20) और प्रिया (12) हैं। कलवारी सीओ बृजेश सिंह ने बताया- लक्ष्मी मायके बैजलपुर से अपने ससुराल ताहिरपुर आ रही थी। उसके यहां लक्ष्मीजी की प्रतिमा की स्थापना थी। जैसे ही वह सुधा के घर के पास पहुंची, दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। लक्ष्मी ने फोन करके अपने घरवालों को बुला लिया। दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान सुधा, उसके पति और बेटा-बेटी घायल हो गए। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ————————- ये खबर भी पढ़ें THAR ने 2 टीचर समेत 4 दोस्तों को रौंदा, 3 की मौत, कन्नौज में एक बाइक से जा रहे थे कन्नौज में सोमवार देर रात तेज रफ्तार थार ने 4 दोस्तों को रौंद दिया। 3 की मौके पर मौत हो गई। एक ही हालत गंभीर है। चारों एक ही बाइक से जा रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था। पूरी खबर पढ़ें
