अलवारा झील में बिहारी मजदूर की गोली मारकर हत्या, एक हिरासत में, दूसरा फरार

0
sdfghj

कौशाम्बी। महेवाघाट थाना क्षेत्र स्थित अलवारा झील में शुक्रवार रात एक बिहारी मजदूर की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान बरमदीन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी था और पिछले कई वर्षों से अलवारा झील में रहकर मछली शिकार का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह अपने दो साथियों धर्मपाल और बवाली के साथ झील की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में धर्मपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरा साथी बवाली घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें