मंझनपुर तहसील में नायब तहसीलदार मोबीन अहमद पर वसूली के आरोप, वाहन चेकिंग और जमीन मामलों को लेकर वीडियो वायरल, जांच के संकेत, राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

0
Kaushambi voice

मंझनपुर में राजस्व तंत्र पर सवाल……
👉 नायब तहसीलदार मोबीन अहमद पर वसूली के गंभीर आरोप, वाहन चेकिंग बनी कथित कमाई का जरिया….
👉 बैंक ले जाकर पैसे निकलवाने का वीडियो वायरल , एसडीएम सदर एम0पी0 वर्मा ने दिए जांच के संकेत…..

👉 जमीन मामलों में भी मनमानी के आरोप ,कई गांवों में पहले से विवादित कार्यशैली , प्रशासनिक विश्वसनीयता पर उठे बड़े प्रश्न

कौशाम्बी । जनपद की मंझनपुर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार मोबीन अहमद एक बार फिर विवादों में घिरते दिखाई दे रहे हैं। उन पर आरोप है कि वे वाहनों की ओवरलोड चेकिंग के नाम पर कार्रवाई करते हैं और बाद में कथित रूप से आर्थिक लेन-देन के आधार पर राहत प्रदान करते हैं। हाल ही में सामने आए एक प्रकरण में एक वाहन चालक को पकड़कर उससे धन की मांग किए जाने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक नकद भुगतान के बाद शेष धनराशि की व्यवस्था कराने हेतु संबंधित व्यक्ति को अपने वाहन में बैठाकर बैंक तक ले जाया गया, जहां उससे ₹5000 निकलवाए गए। इस पूरी घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आर पी वर्मा ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। हालांकि अब तक उच्च स्तर पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि नायब तहसीलदार की कार्यशैली पूर्व में भी विवादों में रही है। भूमि नाप-जोख की प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से आर्थिक अपेक्षाएं रखे जाने और असहमति की स्थिति में विवाद उत्पन्न होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। परई दुगौली में भूमि ध्वस्तीकरण से जुड़ा एक मामला भी चर्चा में रहा था, जिसने ग्रामीण असंतोष को जन्म दिया था।
इसी प्रकार सोनौली उमरपुर, मिर्जापुर उर्फ खोज्वापुर तथा पवैया क्षेत्रों में भी पूर्व में आर्थिक लेन-देन के आरोप लगाए जा चुके हैं। एक मामले में संबंधित स्टाफ द्वारा कथित रूप से धन की मांग का ऑडियो भी सार्वजनिक चर्चा का विषय बना था।
लगातार उभरते आरोपों और वायरल सामग्री के बाद अब यह प्रकरण राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली और जवाबदेही से जुड़े व्यापक सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रशासनिक जांच की दिशा और निष्कर्ष पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *