मंझनपुर के कोर्रों प्राथमिक विद्यालय में फिर चोरी, राशन और गैस सिलेंडर ले उड़े चोर
कौशाम्बी। जनपद के मंझनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोर्रों स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर विद्यालय में रखा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का राशन और गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। विद्यालय में इससे पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है, जिससे प्रधानाध्यापक सहित समस्त विद्यालय स्टाफ चिंता और परेशानी में है। लगातार हो रही चोरियों के बावजूद अब तक किसी भी मामले का खुलासा न होने से स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने, दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार हो रही चोरी से सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और विद्यालय की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर विद्यालय को बार-बार निशाना बनाने वाले चोर कब तक कानून की गिरफ्त में आएंगे।
