यूपी में भीषण गर्मी, बाघिन पूल में दिन काट रही:गैंडे के लिए स्प्रिंकलर लगाए; 31 शहरों में लू का अलर्ट, बांदा देश में सबसे गर्म
यूपी में मानसून के लेट होने से गर्मी बढ़ गई है। रविवार को ज्यादातर शहरों में तेज धूप है। गाजियाबाद और बरेली में बादल छाए हैं। आज बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, बादलों की आवाजाही जारी रहने से कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। गोरखपुर में इतनी गर्मी पड़ रही है कि चिड़ियाघर में बाघिन दिनभर स्विमिंग पूल में बैठी रहती है। शाम को गर्मी कम होने के बाद ही बाहर आती है। कानपुर में गैंडे के लिए स्प्रिंकलर लगवाए गए हैं। दिन में कई बार वह पानी की फुहारों में नहाता दिखाई देता है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज 31 शहरों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है। मानसून अब भी यूपी-बिहार बॉर्डर तक पहुंचने के बाद अटका हुआ है। पिछले 8-9 दिनों से यह महराजगंज के पास ठहरा है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 23 जून से मानसून आगे बढ़ सकता है। 25 जून तक इसके यूपी में एंट्री के आसार हैं। तब तक पूर्वी और बुंदेलखंड के कई जिलों में गर्म हवाएं चलने और तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। इससे पहले, शनिवार को लखनऊ, हाथरस, सोनभद्र समेत 6 शहरों में बारिश हुई। लोगों को गर्मी से थोड़ी देर के लिए राहत मिली। बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 43.2°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में 3-4 दिन भीषण गर्मी चलेगी। पारा लगातार बढ़ता रहेगा। लू की स्थिति और गंभीर होगी। मानसून की रफ्तार अब भी धीमी है। फिलहाल मानसून की एंट्री के हालात नहीं बन पाए हैं। मानसून के लिए अभी कम से कम 5 दिन इंतजार करना पड़ सकता है। आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
