गंगा नदी में मछली पकड़ने गया युवक डूबा, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

0
df4et4t

कौशाम्बी | संदीपन घाट थाना क्षेत्र

कौशाम्बी जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। फरीदपुर चक ताजपुर गांव निवासी 25 वर्षीय विजय कुमार सरोज की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार विजय कुमार सरोज सोमवार रात अपने दो साथियों के साथ नाव से गंगा नदी में मछली पकड़ने गया था। देर रात मछली पकड़ने के दौरान तीनों नाव पर ही आराम करने लगे। इसी बीच विजय अचानक नाव से गहरे पानी में गिर गया और नदी की तेज धारा में डूब गया।

सुबह जब साथियों की नींद खुली तो विजय नाव पर नहीं मिला। काफी तलाश के बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में तलाश अभियान चलाया।

मृतक विजय अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी पांच वर्षीय बेटी संध्या, चार वर्षीय बेटी ननकी और दो वर्षीय पुत्र नंदन अब पिता के साये से वंचित हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों के अनुसार विजय मेहनत-मजदूरी और मछली पकड़कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें