दीपावली और आगामी अगहन मेले से पहले सड़क को गड्ढा मुक्त कराने की मांग, उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष ने डीएम को सौंपा पत्र
तुलसी चौक से यमुना पुल तक सड़क बदहाल, जगह-जगह गहरे गड्ढों से राहगीर परेशान
चित्रकूट/राजापुर। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर में तुलसी चौक से यमुना पुल तक जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों, स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं राजापुर निवासी शिवपूजन गुप्ता ने जिलाधिकारी, जनपद चित्रकूट को पत्र भेजकर तुलसी चौक राजापुर से यमुना पुल तक पूरे मार्ग को तत्काल गड्ढा मुक्त कराने की मांग की है।
उन्होंने अपने पत्र में बताया कि यह मार्ग राजापुर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दीपावली मेला और आगामी अगहन मेला के दौरान श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और बाहरी यात्रियों का आगमन होता है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के साथ दुर्घटना होने का खतरा भी बना हुआ है।
शिवपूजन गुप्ता ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि आगामी मेलों को देखते हुए संबंधित लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को तत्काल सड़क का निरीक्षण कराकर तुलसी चौक से यमुना पुल तक पूरे मार्ग की मरम्मत एवं गड्ढा मुक्ति का कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा जनहित में लगातार अच्छे कार्य किए जा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग की समस्या का भी जल्द समाधान कराया जाएगा।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग अगहन मेले से पहले सड़क को गड्ढा मुक्त कराने के लिए कितनी जल्दी कदम उठाते हैं।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
