पुणे में कौशांबी के युवक की हत्या, यूनिटी पार्क में मिला शव
कौशांबी। महाराष्ट्र के पुणे शहर में कौशांबी के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव निवासी मोहम्मद नईस के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नईस पुणे में रहकर काम करता था। उसका शव पुणे के खराड़ी स्थित यूनिटी पार्क में मिला। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद नईस परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुणे पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।
मोहम्मद नईस की मौत से पूरे नारा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द खुलासा कर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
🕯️ ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।
