जन समस्याओं को लेकर सपा का बड़ा आंदोलन, 16 जून को मंझनपुर में होगा विशाल धरना-प्रदर्शन
कौशाम्बी। समाजवादी पार्टी जनपद कौशाम्बी द्वारा आगामी 16 जून 2026 को जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी ने बिजली कटौती, बढ़ी हुई बिजली दरों, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की महंगाई, पीडीए समाज पर बढ़ते अत्याचार और विभिन्न जन समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है।
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सदर विधायक इंद्रजीत सरोज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, कौशाम्बी के युवा सांसद पुष्पेंद्र सरोज भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे।
जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने पार्टी के सभी राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, पूर्व प्रत्याशियों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से 16 जून को सुबह 11 बजे तक जिला कार्यालय मंझनपुर पहुंचने का अनुरोध किया है, जहां से धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम संपन्न होगा।
समाजवादी पार्टी का दावा है कि यह प्रदर्शन जिले के जनहित के मुद्दों को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगा और इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल होंगे।
