नैनी में बंद कमरे से 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, तीन दिन पुराना होने की आशंका
प्रयागराज। थाना नैनी क्षेत्र के एग्रीकल्चर इलाके में एक किराए के मकान के बंद कमरे से 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुभाष भारतीय (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
दुर्गंध आने पर हुआ घटना का खुलासा
जानकारी के अनुसार कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एग्रीकल्चर चौकी प्रभारी उत्कर्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया।
किराए के मकान में रह रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि सुभाष भारतीय अपने परिवार के साथ पिछले करीब दो माह से शिव गुप्ता के मकान में किराए पर रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र विकास और तीन बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
तीन दिन पुराना होने की आशंका
प्राथमिक जांच में शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सभी पहलुओं पर जांच जारी
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
