कौशांबी में सनसनी: गला काटकर युवक की निर्मम हत्या, जंगल में मिली सिर कटी लाश

0
9bf127ce-77f8-4e4d-8ff2-20ec7a70583d

कौशांबी। चरवा थाना क्षेत्र के मीरन गांव के निकट बारा डोली जंगल में एक युवक की गला काटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह जंगल की झाड़ियों में सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पंसौर गांव निवासी राज कुमार उर्फ राजू पासी (30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय देवी दीन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राजू रविवार सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह चरवा क्षेत्र में मीटर लगाने जा रहा है। रात करीब 8 बजे उसने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह मदूकी गांव में खाना खा रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।

सोमवार सुबह बारा डोली जंगल के किनारे उसकी मोटरसाइकिल संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली। इसके कुछ देर बाद झाड़ियों के बीच एक सिर कटा शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की मां शांति देवी ने कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर शव की पहचान की।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मीरन गांव के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी की बेटी और राजू के बीच बातचीत होती थी, जिसको लेकर पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को जंगल में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें