कौशाम्बी में सनसनी: घर से निकले लाइनमैन की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका
कौशाम्बी। चरवा थाना क्षेत्र के बाराडोली जंगल के पास सोमवार को एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान राजू पुत्र देवीदीन निवासी पंसौर गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजू अमनी लोकीपुर विद्युत उपकेंद्र में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह रविवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार सुबह बाराडोली जंगल के पास ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी। सिर कटी लाश मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) तथा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस टीम मामले के खुलासे के लिए जुटी हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक एवं दहशत का माहौल बना हुआ है।
