राइस मिलों में डम्प धान की होगी जांच, सरकारी और निजी खरीद का खुलेगा हिसाब
👉 अझुवा की श्रीराम राइस मिल और टेन मादुकी स्थित मिल में भंडारित धान पर उठे सवाल, मंडी शुल्क और स्टॉक रजिस्टर के सत्यापन की मांग…
कौशाम्बी। जिले में धान खरीद सत्र 2025-26 के दौरान राइस मिलों में बड़ी मात्रा में धान भंडारित होने का मामला सामने आया है। अझुवा स्थित श्रीराम राइस मिल और टेन मादुकी स्थित एक अन्य राइस मिल में डंप धान के स्रोत और खरीद से जुड़े अभिलेखों की जांच कराने की मांग उठी है। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी को शिकायती पत्र देकर दोनों मिलों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई है।
शिकायत में सवाल उठाया गया है कि मिलों में भंडारित धान सरकारी क्रय केंद्रों से पहुंचा है या किसानों और व्यापारियों से निजी तौर पर खरीदा गया है। शिकायतकर्ता ने दोनों मिलों में उपलब्ध धान की वास्तविक मात्रा का स्टॉक रजिस्टर से मिलान कराने तथा सरकारी और निजी खरीद के धान का अलग-अलग सत्यापन कराने की मांग की है।
इसके साथ ही निजी खरीद के बिल, भुगतान रसीद, बैंक लेनदेन और फार्म-VI की जांच कराने को कहा गया है। निजी खरीद पर लागू मंडी शुल्क एवं मंडी विकास उपकर जमा किए जाने अथवा वैधानिक छूट के अभिलेखों का भी सत्यापन कराने की मांग की गई है।
शिकायती पत्र में सरकारी खरीद रिकॉर्ड, परिवहन चालान, तौल पर्ची और वास्तविक स्टॉक का मिलान कराने पर जोर दिया गया है। साथ ही दोनों राइस मिलों में बिना पूर्व सूचना संयुक्त विभागीय टीम भेजकर भौतिक निरीक्षण कराने की मांग की गई है। अब देखना है कि विभाग इस शिकायत पर जांच कराता है या मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाता है।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
