कौशाम्बी में पुलिस–SOG की बदमाशों से मुठभेड़, लूटकांड के पांच आरोपी दबोचे

0
Kaushambi voice

तीन बदमाश गोली लगने से घायल, 11 लाख के जेवरात बरामद

कौशाम्बी। जनपद के थाना सरायअकील क्षेत्र के जुगराजपुर इलाके में बुधवार शाम पुलिस और SOG टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में लूटकांड में शामिल पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जिनमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में आकाश सेन, अर्जुन मेहतर और रामप्रकाश यादव गोली लगने से घायल हुए हैं। अर्जुन के दोनों पैरों में, जबकि आकाश और रामप्रकाश के एक-एक पैर में गोली लगी है। दो अन्य आरोपी विपिन और शनि सोनकर को बिना चोट के गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित जनपद चित्रकूट के राजापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन पांचों बदमाशों ने 19 नवंबर को थाना सरायअकील क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी को दिनदहाड़े लूट का शिकार बनाया था। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा माल—करीब 11 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

एसपी के अनुसार आकाश सेन और अर्जुन मेहतर शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाना राजापुर, चित्रकूट के हिस्ट्रीशीटर (HS) के रूप में दर्ज हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर सहित कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस पूरे अभियान को चौकी प्रभारी तिल्हापुर, थाना प्रभारी सरायअकील, थाना प्रभारी पिपरी, SOG और सर्विलांस टीम ने क्षेत्राधिकारी चायल के निकट पर्यवेक्षण में अंजाम दिया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से इलाके में राहत की भावना है तथा सर्राफा व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की है।

अमरनाथ झा पत्रकार – कौशांबी (8318977396)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें