पीएम आवास योजना-ग्रामीण के लिए आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की समय-सीमा बढ़ी ,14 अक्टूबर 2025 तक बढ़ाई गई डेट
👉 डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे।
👉 अब तक प्रदेश में 57.73 लाख परिवारों का सर्वेक्षण पूर्ण ,पात्र व्यक्ति मोबाइल से भी आवेदन कर सकेंगे, पारदर्शिता पर जोर।
लखनऊ । प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नए लाभार्थियों की पहचान हेतु किए जा रहे ‘आवास प्लस सर्वेक्षण-2024’ की समय-सीमा अब 14 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस विस्तारित अवधि का उपयोग करते हुए यदि कोई पात्र लाभार्थी पूर्व में सर्वे से वंचित रह गया हो, तो उसे अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और ईमानदारी से पूर्ण किया जाना चाहिए। ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार, अब तक प्रदेश में 57.73 लाख परिवारों का सर्वेक्षण किया जा चुका है, और यह प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास के अधिकार से वंचित न रहे। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पोर्टल दोबारा खोला गया है और समस्त जिलाधिकारियों, सीडीओ, परियोजना निदेशकों व खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी ग्राम पंचायतों में सर्वेयरों के माध्यम से डाटा कैप्चर कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पात्र व्यक्ति स्वयं भी मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जिससे योजना की पहुंच और पारदर्शिता और अधिक सशक्त हो सके।
अमरनाथ झा पत्रकार – 8318977396
