फर्रुखाबाद में 6 मकान गंगा में समाए:बलिया में कार-बाइकें डूबीं, गलियों में चली नाव; 49 जिलों में बारिश का अलर्ट
यूपी में गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। दो दिन में 6 पक्के मकान नदी में समा गए हैं। बलिया में सरयू नदी की बाढ़ में कार और बाइक डूब गई हैं। उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों में घुस गया है। गलियों में नावें चल रही हैं। गोंडा में घाघरा नदी के बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहाइशी इलाके में पहुंच गया। गांव वाले डर की वजह से घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। इधर, मंगलवार तड़के लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 10 शहरों में हल्की बारिश हुई। लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। मौसम विभाग (IMD) ने आज 49 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से यूपी होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) की तारीख बदल दी गई है। पहले यह 8 सितंबर से होनी थी। अब यह 14 सितंबर से शुरू होगी। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही मानसूनी हवाओं की पट्टी भी यूपी से होकर गुजर रही है। इन दोनों सिस्टमों के असर से नेपाल की सीमा से सटे यूपी के उत्तरी इलाकों में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने के साथ बारिश में काफी कमी आ जाएगी। आज किन-किन जिलों में बारिश का अलर्ट? यूपी में बारिश और बाढ़ के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-
