प्रयागराज में 186 केंद्रों पर होगी धान खरीद, 2.80 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित

0
IMG-20261103-WA0036~2

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने की तैयारियों की समीक्षा, किसानों को परेशानी हुई तो केंद्र प्रभारी पर होगी एफआईआर…

धान खरीद में लापरवाही पर डीएम सख्त, 186 केंद्रों की होगी निगरानी….
शिकायत सही मिलने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर…
प्रयागराज। जिले में धान खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में छह क्रय एजेंसियों के माध्यम से कुल 186 क्रय केंद्रों पर 2,80,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धान खरीद के लिए एक नवंबर से समय निर्धारित किया गया है।
बैठक में डिप्टी आरएमओ ने धान खरीद की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और डिप्टी आरएमओ को नियमित रूप से क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर पर्याप्त बोरे, नमी मापक यंत्र, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था उपलब्ध रहे। सभी केंद्र पूरी तरह क्रियाशील रखे जाएं, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिकायत मिली तो केंद्र प्रभारी पर होगी एफआईआर
जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी क्रय केंद्र से किसानों को परेशान किए जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि किसी केंद्र के संबंध में शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर धान का भुगतान सुनिश्चित करने और धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने और पंजीकृत किसानों का सत्यापन समय से पूरा करने को कहा।
बिचौलियों पर रहेगी कड़ी निगरानी….
डीएम ने धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मार्केटिंग इंस्पेक्टर और अन्य संबंधित अधिकारी नियमित रूप से क्रय केंद्रों का भ्रमण करेंगे। बैठक में डिप्टी आरएमओ, विपणन निरीक्षक, क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें