इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव में कौशांबी में 40.58% मतदान, अझुवा में सर्वाधिक वोटिंग
👉 12 मतदान केंद्रों के 22 बूथों पर MLC चुनाव-मतदान प्रक्रिया हुई संपन्न, पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही..
👉 नेवादा ब्लॉक के चुनाव स्थल पर जिलाध्यक्ष धर्मराजमौर्य पुलिस पर भड़के ,लगाया सपा एजेंट होने का आरोप , सोशल मीडिया में वीडियो हो रहा वायरल..
कौशांबी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को कौशांबी जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 12 मतदान केंद्रों के 22 बूथों पर कुल 40.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले के कुल 20,140 पंजीकृत मतदाताओं में से 8,172 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पुरुष मतदाताओं की भागीदारी अधिक
मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुरुष मतदाताओं ने महिलाओं की अपेक्षा अधिक उत्साह दिखाया। जिले में पंजीकृत 14,231 पुरुष मतदाताओं में से 6,275 ने मतदान किया, जो 44.09 प्रतिशत है। वहीं, 5,909 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1,897 महिलाओं ने वोट डाला। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 32.10 रहा।
अझुवा में सबसे ज्यादा, चायल में सबसे कम मतदान
मतदान केंद्रों में नगर पंचायत अझुवा सबसे आगे रहा। यहां 64.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जिले में सर्वाधिक रहा। एसएबी इंटर कॉलेज सैनी के कक्ष संख्या दो में 54.66 प्रतिशत, नेशनल इंटर कॉलेज भरवारी में 51.23 प्रतिशत और नगर पंचायत करारी में 50 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके विपरीत चायल क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या दो में सबसे कम 26.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नेवादा क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या एक में 35.86 प्रतिशत और कक्ष संख्या दो में 32.83 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन की ओर से सभी 22 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शासन-प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई। मतदान संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
कौशांबी में एमएलसी चुनाव के दौरान भाजपा-सपा नेताओं में नोकझोंक, पत्रकारों को कवरेज से रोकने का आरोप…
कौशांबी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान नेवादा ब्लॉक परिसर स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा और सपा नेताओं के बीच नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि बूथ के पास कुर्सी लगाकर सपा कार्यकर्ता के बैठने से भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य नाराज हो गए। इसको लेकर सपा उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सरोज और भाजपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई।
चुनाव की कवरेज कर रहे पत्रकारों को रोकने का भी आरोप.. सरसवां ब्लॉक परिसर में कवरेज के दौरान मंझनपुर एसडीएम राजकुमार मौर्य और पत्रकारों के बीच तीखी बहस होने की बात कही जा रही है। एसडीएम के कथित रवैये को लेकर पत्रकारों में नाराजगी देखी गई। चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच विवाद और पत्रकारों की कवरेज में कथित बाधा को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
