पत्नी बोली- अफसर पति के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी:महंगी लाइफस्टाइल; बुलंदशहर में 0007 नंबर की थार से चलते; मंत्री ने जांच बैठाई

0
पत्नी बोली- अफसर पति के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी:महंगी लाइफस्टाइल; बुलंदशहर में 0007 नंबर की थार से चलते; मंत्री ने जांच बैठाई

बुलंदशहर में बिजली विभाग के एसडीओ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के आरोप में घिर गए हैं। इसे लेकर खुद एसडीओ कृष्णा कौशिक की पत्नी ने शिकायत की है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने 20 अक्टूबर को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक को मामले की जांच के निर्देश दिए। एसडीओ की पत्नी का कहना है कि पति VIP नंबर- 0007 वाली थार रखते हैं। लग्जरी लाइफ जीते हैं। उनके कई प्लॉट और फ्लैट हैं। यह सैलरी से संभव नहीं। उन्होंने 30 सितंबर को ऊर्जा मंत्री और राज्यपाल से पति की शिकायत की थी। पद का दुरुपयोग कर गलत तरीके से कमाई का आरोप लगाया था। पत्नी से विवाद के बाद एसडीओ चर्चा में आए थे। पत्नी ने एसडीओ पति पर जबरन अबॉर्शन कराने का आरोप लगाया था। उनकी अवैध संपत्तियों की जानकारी पुलिस को दी थी। 24 सितंबर को पत्नी की शिकायत पर एसडीओ समेत सास-ससुर, ननद-ननदोई के खिलाफ जहांगीराबाद कोतवाली में FIR दर्ज हुई थी। अब पूरा मामला सिलसिलेवार पढ़िए… 2019 बैच के एसडीओ हैं कृष्णा कौशिक कृष्णा कौशिक मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के खैरथल के रहने वाले हैं। वह पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में 2019 बैच के एसडीओ हैं। कौशिक की पहली पोस्टिंग बुलंदशहर के टेस्ट डिवीजन में बतौर AE (मीटर) हुई थी। करीब 3 साल बाद, 2022 में कृष्णा कौशिक को बुलंदशहर के सिकंदराबाद डिवीजन के प्रथम उपखंड में एसडीओ बनाया गया। इससे पहले वह अमरोहा जिले के गजरौला कार्यालय में तैनात थे। एसडीओ के पास 0007 नंबर की थार, महंगी लाइफ स्टाइल पत्नी ने कहा कि एसडीओ पति महंगी गाड़ियों और हाई लाइफ स्टाइल जीते हैं। उनके पास 0007 नंबर की थार रॉक्स की टॉप मॉडल गाड़ी है। इसकी कीमत करीब 30 से 35 लाख रुपए है। उन्होंने पति पर महंगी ज्वेलरी खरीदने और घर को सुविधाओं से लैस कराने पर बड़ी रकम खर्च करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है। पत्नी बोली- अफसर ने सिकंदराबाद से नोएडा तक प्रॉपर्टी खरीदीं पत्नी ने बताया कि कृष्णा कौशिक ने सिकंदराबाद में तैनाती के दौरान पिता के नाम पर कई संपत्तियां खरीदीं। इनमें सिकंदराबाद की नीलकंठ कॉलोनी में करीब 200 वर्ग मीटर का आवासीय प्लॉट है। इसके अलावा बुलंदशहर के यमुनापुरम क्षेत्र में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से मकान खरीदने का दावा किया। नोएडा की गोदरेज समूह की आवासीय परियोजना में भी करोड़ों के फ्लैट होने की बात कही है। इन संपत्तियों को लेकर अब विभागीय जांच होगी। इसमें जमीन के स्वामित्व, खरीद के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों की स्थिति का पता लगाया जाएगा। साथ ही, संपत्तियों और अधिकारी की कमाई के ब्यौरे का मिलान कराया जाएगा। शक्ति भवन से हो रही जांच की निगरानी पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता के मुताबिक, एसडीओ की पत्नी की शिकायतों और प्रशासनिक दस्तावेजों के आधार पर लखनऊ स्थित शक्ति भवन के शिकायत प्रकोष्ठ की ओर से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 50 हजार रुपए लेने का वीडियो वायरल हुआ था साल 2024 में सिकंदराबाद खंड में एसडीओ प्रथम के पद पर तैनाती के दौरान कृष्णा कौशिक का एक वीडियो सामने आया था। इसमें उन्हें बिजली कनेक्शन के नाम पर 50 हजार रुपए लेते देखा गया था। तत्कालीन एमडी ईशा दुहन ने उन्हें निलंबित कर दिया था। अफसर को लेकर पत्नी के बाकी आरोप भी पढ़िए पुलिस ने कृष्णा कौशिक के साथ उनके पिता अशोक कुमार, मां तारा देवी, बहन निशा शर्मा और बहनोई देव शर्मा को भी नामजद किया है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी जांच की जा रही है। —————————- यह खबर भी पढ़ें- आगरा के 4 दोस्तों की जयपुर में मौत:खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, टायर फटने के बाद तेज रफ्तार कार खाई में पलटी आगरा के 4 दोस्तों की जयपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। 2 दोस्त घायल हैं। सभी खाटू-श्याम के दर्शन करके लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह 6 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (UP 83AU6399) टायर फटने से बेकाबू हो गई। सड़क किनारे 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें