चित्रकूट में किसान दिवस: 511 फसल क्षति दावों में 294 का सर्वे पूरा, शेष का जल्द होगा सत्यापन

0
IMG-20260916-WA0026

चित्रकूट, 16 सितंबर 2026। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित हुआ। बैठक में अतिवृष्टि, बाढ़ से फसल क्षति, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण और विद्युत संबंधी समस्याओं पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने फसल क्षति सर्वे की समीक्षा करते हुए बीमा कंपनी को किसानों द्वारा प्रस्तुत व्यक्तिगत दावों का शत-प्रतिशत सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने बताया कि व्यक्तिगत फसल क्षति के 511 दावों के सापेक्ष 294 दावों का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि शेष दावों का संयुक्त टीम द्वारा सर्वे कराया जाएगा।
अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित 1,818 लाभार्थियों का डाटा पोर्टल पर फीड किया जा चुका है और 1,048.858 हेक्टेयर प्रभावित क्षेत्रफल दर्ज किया गया है। छूटे हुए गांवों की जानकारी किसानों से लेकर उनका भी सर्वे कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में औसत वर्षा से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश हुई, जबकि चित्रकूट में औसत से करीब 70 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इससे तिल, ज्वार, बाजरा और अरहर की फसलों को अधिक नुकसान हुआ।
कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत ई-लॉटरी से चयनित किसानों को जिलाधिकारी ने चयन पत्र और कृषि यंत्रों की चाभी वितरित की। वहीं आवारा गोवंश को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें