मिशन शक्ति फेज-5 के तहत कौशाम्बी पुलिस का जनजागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए सुरक्षा, साइबर बचाव और नए कानून
कौशाम्बी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कौशाम्बी पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में महिलाओं, छात्राओं, युवाओं और आमजन को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला अधिकारों तथा सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच, साइबर ठगी से बचने के तरीके, महिला सुरक्षा संबंधी कानून और महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया और आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। साथ ही महिला हेल्पडेस्क, मिशन शक्ति अभियान और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई।
थाना महिला, सैनी, करारी, संदीपनघाट, चरवा, पिपरी, मंझनपुर, सराय अकिल और मोहम्मदपुर पइंसा पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं और महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया।
कौशाम्बी पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण मजबूत हो सके।
