नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
न्यायिक जांच की मांग, कई नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, फिर भी प्रदर्शन में पहुंचे युवा नेता
कौशाम्बी। जिला मुख्यालय स्थित डायट मैदान में शुक्रवार को NEET पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में छात्रों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कौशाम्बी के माध्यम से सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की गई।
प्रदर्शन में सरसवां ब्लॉक क्षेत्र के छात्र, बहुजन क्रांति मिशन टीम (उत्तर प्रदेश) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र एवं भीम आर्मी के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित रूप से लाठीचार्ज, पैलेट गन के प्रयोग और अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि:
- सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए।
- कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
- NEET पेपर लीक से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।
- घायल छात्रों का समुचित उपचार कराया जाए।
- शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।

ज्ञापन पर बहुजन क्रांति मिशन टीम के संस्थापक मनीष कोरी सहित संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भीम आर्मी सहित तमाम संगठन के लोग शामिल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।
📍 स्थान: डायट मैदान, कौशाम्बी
रिपोर्ट- अमरनाथ झा – 9415254415
