सूअर बाड़े में सो रहे मजदूर को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम
कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 स्थित डीहा कान्हा गौशाला के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सूअर बाड़े में सो रहे एक मजदूर की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान लल्लू पुत्र रोशन लाल, निवासी वार्ड नंबर-2, नाईम मियां का पूरा, कस्बा चायल के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार रात वह सूअर बाड़े में सो रहा था, तभी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लल्लू अपने पीछे पत्नी, चार बच्चों और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। क्षेत्र के लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
🙏 ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें।
