कौशाम्बी में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, ग्राम प्रधान समेत कई घायल; दो आरोपी गिरफ्तार
कौशाम्बी। जनपद के सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। मारपीट की इस घटना में ग्राम प्रधान सरवन यादव समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोरमा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि ग्राम प्रधान सरवन यादव पर दर्जनभर लोगों ने मिलकर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि घटना से एक दिन पहले ग्राम प्रधान द्वारा विपक्षी पांडे परिवार के एक युवक की पिटाई की गई थी। वहीं विवाद की एक वजह गांव में प्रस्तावित पानी की टंकी के निर्माण को लेकर चल रहा मतभेद भी बताया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
(नोट: इस समाचार में उल्लिखित कुछ तथ्य स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित हैं। उनकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही संभव होगी। संबंधित पक्ष का बयान उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
