जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव बने प्रशासक, मुख्यमंत्री योगी का जताया आभार
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश सरकार ने जिला पंचायत चित्रकूट के अध्यक्ष अशोक जाटव को जिला पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद अशोक जाटव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से जनहित और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति देने, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सहयोग से चित्रकूट को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही जिला पंचायत परिसर में खुशी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक जिला पंचायत पहुंचे और अशोक जाटव का फूल-मालाओं से स्वागत किया। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक बांदा-चित्रकूट के चेयरमैन पंकज अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे चित्रकूट के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
अशोक जाटव ने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और जिला पंचायत के माध्यम से विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
