2.26 करोड़ से संवर रहा चित्रकूट का ऐतिहासिक कोठी तालाब, 42% कार्य पूरा
चित्रकूट। धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चित्रकूट के ऐतिहासिक कोठी तालाब का अब आधुनिक स्वरूप में कायाकल्प किया जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से 2.26 करोड़ रुपये की लागत से चल रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का करीब 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब तक परियोजना पर लगभग 72 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
यह परियोजना यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, बांदा इकाई द्वारा संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य कोठी तालाब को एक आधुनिक एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
परियोजना के तहत कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, बैटरी चालित नौकाओं के लिए स्टोरेज ब्लॉक, एरेटर, आकर्षक स्ट्रीट लाइट, आधुनिक साइनेज, बेहतर विद्युत व्यवस्था, लैंडस्केपिंग एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इन सुविधाओं के विकसित होने से कोठी तालाब का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यह पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
हाल ही में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून को देखते हुए रिटेनिंग वॉल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूर्ण होने के बाद कोठी तालाब चित्रकूट के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही चित्रकूट की पर्यटन पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
