गैस से भरे एलपीजी कंटेनर में लगी भीषण आग, टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी; 5-7 लोग झुलसे
कौशाम्बी: जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह गैस से भरे एक एलपीजी कंटेनर में आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को दूर रखा।
जानकारी के अनुसार, एलपीजी से भरा कंटेनर कानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोखराज टोल प्लाजा के पास कंटेनर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते कंटेनर में आग लग गई।
इस हादसे में टोल प्लाजा के 5 से 7 कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कई थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक टोल प्लाजा पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे सूचना मिली थी कि कोखराज टोल टैक्स पर एक एलपीजी टैंकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे गैस रिसाव के बाद आग लग गई। फायर ब्रिगेड एवं प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में 5 से 7 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
