‘घर छोड़कर मथुरा गया पति, वहां श्याम गुरु बना’:पलवल की महिला बोली- शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी की, अब तीसरी महिला संग रह रहा

0
'घर छोड़कर मथुरा गया पति, वहां श्याम गुरु बना':पलवल की महिला बोली- शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी की, अब तीसरी महिला संग रह रहा

मेरे पति ने पहली शादी छिपाकर मुझसे दूसरी शादी की और बाद में मथुरा में जाकर कथावाचक बन गया। वहां उसने तीसरी शादी कर ली। यह आरोप पलवल के सेवली गांव निवासी पुष्पा ने अपने पति रण सिंह पर लगाया है। महिला का कहना है कि 25 साल पहले हुई शादी से उनके तीन बच्चे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि रण सिंह पहले से शादीशुदा था। आरोप है कि करीब 10 साल पहले वह घर छोड़कर मथुरा चला गया। वहां जाकर उसने अपना नाम श्री श्याम गुरु रख लिया। महिला का आरोप है कि अब वहां वह तीसरी महिला के साथ रह रहा है। उसने परिवार को बिना बताए पुश्तैनी जमीन भी बेच दी। महिला ने SP नितिश अग्रवाल को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, आरोपों को लेकर दैनिक भास्कर ने रण सिंह के तीन मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तीनों नंबर बंद मिले। इसके अलावा उन्हें मैसेज भी भेजे गए, हालांकि उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए महिला ने क्या बताया… 25 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चे हुए पुष्पा ने बताया कि मेरी शादी करीब 25 साल पहले गांव के ही रण सिंह के साथ हुई थी। इस शादी से हमारे तीन बच्चे हैं। शादी के शुरुआती कुछ साल सामान्य रहे, लेकिन बाद में पति के बारे में ऐसी जानकारियां मिलीं, जिन्होंने मेरी जिंदगी बदल दी। शादी के करीब डेढ़ साल बाद मुझे पता चला कि रण सिंह पहले से ही शादीशुदा था। उसने यह बात छिपाकर दूसरी शादी की। घर छोड़कर मथुरा गया, नाम बदलकर बना ‘श्री श्याम गुरु’ महिला का आरोप है कि रणसिंह उत्तर प्रदेश के नवीपुर की राजेश नामक महिला से जुड़े एक रेप मामले में जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद पारिवारिक परिस्थितियों के कारण मैंने समझौता कर लिया और वैवाहिक जीवन जारी रखा। करीब 10 साल पहले रण सिंह अचानक घर छोड़कर मथुरा चला गया। वहां उसने अपनी पहचान बदलकर खुद को कथावाचक के रूप में पेश करना शुरू कर दिया और अपना नाम “श्री श्याम गुरु” रख लिया। मथुरा में तीसरी महिला के साथ रहने लगा पुष्पा का कहना है कि वह धार्मिक आयोजनों में शामिल होने लगा। हालांकि बीच-बीच में घर आता-जाता रहा, लेकिन अपने जीवन और गतिविधियों की पूरी जानकारी परिवार को नहीं देता था। बाद में मुझे पता चला कि मथुरा में रण सिंह ने एक अन्य महिला से शादी कर ली है। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब परिवार ने बेटे की शादी के लिए उससे आर्थिक मदद मांगी। लंबे समय तक संपर्क नहीं होने पर परिजन उसकी तलाश में मथुरा पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि वह नई पहचान के साथ रह रहा है और दूसरी महिला के साथ परिवार बसा चुका है। दोनों की एक बेटी भी है। परिवार को बताए बिना एक एकड़ पुश्तैनी जमीन बेची महिला ने आरोप लगाया कि रण सिंह खुद को बड़े राजनीतिक नेताओं का करीबी बताकर लोगों को नौकरी दिलाने और अन्य काम कराने का झांसा देता है। इसके बदले वह लोगों से मोटी रकम वसूलता है। जब लोगों के काम नहीं होते, तो वे पैसे वापस मांगने के लिए घर पहुंचते हैं। रण सिंह ने परिवार को बताए बिना गांव की करीब एक एकड़ पुश्तैनी जमीन बेच दी। साथ ही जिन लोगों से उसने पैसे लिए हैं, वे अब रकम वापस मांगने के लिए परिवार पर दबाव बना रहे हैं। मुंडकटी थाना पुलिस को सौंपी गई जांच पुलिस प्रवक्ता संजय कादियान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच मुंडकटी थाना पुलिस को सौंप दी गई है। जांच के दौरान महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें